boltBREAKING NEWS

बहन से मिलने आया था गुजरात का युवक, नहाते समय डूब गया बनास में, 24 घंटे बाद मिला शव

बहन से मिलने आया था गुजरात का युवक, नहाते समय डूब गया बनास में, 24 घंटे बाद मिला शव

मंगरोप(मुकेश खटीक). मंगरोप थाना इलाके से गुजर रही बनास नदी में डूबने से युवक की मौत हो गई। शव घटना के 24 घंटे बाद मंगलवार को नदी से बाहर निकाला जा सका। मृतक गुजरात का रहने वाला था। वह  पिता के साथ बहन के घर पर आया, जो रिश्तेदारों के साथ नदी पर नहाने गया था।  

मंगरोप पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे दर्री गांव से गुजर रही बनास नदी में 19 वर्षीय युवक नहाने के दौरान डूब गया था।  युवक की पहचान गुजरात के अन्योड गांव  निवासी वनराजसिंह पुत्र रमनसिंह राजपूत के रूप में हुई।  पुलिस ने बताया कि वनराज के पिता ट्रक चलाते हैं। बेटा भी उनके साथ ही सह चालक था।  रविवार को पिता-पुत्र ट्रक से जयपुर में माल खाली करने के बाद घर लौट रहे थे। दर्री गांव में वनराज  की मौसी की बेटी का ससुराल है। उसने बहन से मिलने की इच्छा जताई।  इसके चलते पिता-पुत्र  ट्रक को मंडपिया के पास खड़ा कर बाइक से दर्री गांव गये थे।   बहन, सोमवार सुबह उनके लिए खाना तैयार कर रही थी।  इस बीच, वनराज ने बनास नदी में नहाकर लौटने की बात कही। इसके बाद वह रिश्तेदारों के साथ नदी पर चला गया। वहां नहाने के दौरान वनराज गहराई में जाकर डूब गया।  सूचना पर पुलिस ने एसडीआरएफ  की टीम की मदद से रेस्क्यू कर शव को मंगलवार सुबह 9 बजे नदी से बाहर निकाल लिया। इस दौरान मृतक के गुजरात स्थित गांव से भी करीब 15-20 रिश्तेदार दर्री गांव पहुंच गए । पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।